एग्जीक्यूटिव रोकेंगे सोशल मीडिया से फेक न्यूज
फेक न्यूज पर अंकुश लगाने के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय एक सोशल मीडिया कम्युनिकेशन हब बनाने और सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए 716 जिलों में एग्जीक्यूटिव नियुक्त करने की तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह ना केवल सोशल मीडिया पर निगरानी रखेगा, बल्कि विभिन्न अखबारों के स्थानीय संस्करणों, केबल चैनलों और लोकल एफएम चैनलों भी नजर रखेगा। सूत्रों के मुताबिक मंत्रालय ने इस प्रोजेक्ट के लिए 20 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया है।
मंत्रालय की यह निगरानी तंत्र बनाने की योजना कारगर हुई तो इससे देश-विदेश की ज्यादातर भाषाओं के कन्टेंट को पढ़ा, प्रासंगिक बनाया जा सकेगा और जवाब भी दिया जा सकेगा। कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट के आंकड़ों को सोशल प्रोफाइल के साथ इंटीग्रेट कर ग्राहकों की पूरी जानकारी हासिल हो सकेगी।
यह कार्यक्रम मंत्रालय की ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग शाखा बीईसीआईएल के द्वारा लागू किया जाएगा। प्रस्ताव के मुताबिक बीईसीआईएल के काम में सर्विस प्रोवाइडर की पहचान भी शामिल होगी, जिसके लिए उसको सोशल मीडिया एनालिटिकल (SMA) टूल देने की जरूरत होगी। इस टूल के द्वारा इंटरनेट, सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग, तमाम उभरते ट्रेंड्स के विश्लेषण और नेटिजन के बीच प्रसारित हो रही भावनाओं का अंदाजा लगाने में आसानी होगी।
इससे सोशल मीडिया पर चल रहे संवाद में सकारात्मक, नकारात्मक और निष्पक्ष चीजों में अंतर भी किया जा सकेगा। इन निगरानी अधिकारियों के द्वारा फर्जी सूचनाओं के प्रसारण पर अंकुश लगाया जा सकेगा। यह मॉनिटरिंग टीम फर्जी और गलत खबरों तथा सूचनाओं के प्रसारण को भी रोक पाएगी।

No comments:
Post a Comment