केरल बजट में फ्लड सेस को मिली जगह, सिनेमा टिकट, बीयर-वाइन के दाम बढ़ेंगे
केरल सरकार ने बाढ़ की त्रासदी से तबाह हुए केरल में पुनर्निर्माण के लिए कई कदम उठाए हैं. राज्य की विधानसभा में पेश 2019-20 के बजट में सिनेमा, बियर और वाइन के दाम पर ज्यादा टैक्स लगाने का फैसला किया है. इस फैसले के बाद इन उत्पादों पर बाढ़ की वजह से अतिरिक्त टैक्स लगाए जाएंगे.
केरल की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृ्त्व वाली लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट सरकार ने बाढ़ के पहली बार अपना बजट पेश किया. केरल के वित्त मंत्री टीएम थॉमस इसाक ने बड़े पैमाने पर राज्य में पुनर्निमाण कराने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि पिछले साल बाढ़ में तबाह हुए केरल के पुनर्निर्माण के लिए 25 नई परियोजनाओं का प्रस्ताव किया गया है.
इसाक ने कहा, यह बजट नए केरल के निर्माण के लिए है. 'केरल पुनर्निर्माण' पहल के लिए 1,000 करोड़ रुपये देने की बात कही गई है.उन्होंने कहा कि अतिरिक्त रेवेन्यू जुटाने के लिए सोना, चांदी और प्लैटिनम के आभूषण सहित पांचवीं अनुसूची में आने वाले सभी उत्पादों पर 0.25 प्रतिशत का 'फ्लड सेस' लगाया जाएगा. जीएसटी टैक्स मैनेजमेंट के तहत 12 प्रतिशत, 18 प्रतिशत और 28 प्रतिशत के दायरे में आने वाली सभी वस्तुओं और सभी सेवाओं पर एक प्रतिशत की दर से फ्लड सेस लगाया जाएगा.
इसाक ने कहा कि यह सेस दो साल के लिए होगा. इस कदम से हर साल 600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त रेवेन्यू मिलेगा. बजट में बियर, वाइन समेत सभी तरह की विदेशी शराबों की पहली बिक्री पर टैक्स की दर में दो प्रतिशत ग्रोथ का प्रस्ताव किया गया है. इससे 180 करोड़ रुपये सरकारी खजाने में जमा होंगे.
इसके अलावा सिनेमा देखना भी महंगा होगा. बजट में स्थानीय निकायों को फिल्म टिकटों पर 10 प्रतिशत का 'मनोरंजन कर' लगाने की मंजूरी दी गई है. इसाक ने कहा कि जीएसटी काउंसिल की सिफारिश के मुताबिक, सिनेमा टिकटों पर प्राइस को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया गया है. हालांकि, राज्य सरकार ने इस पर लोकल बॉडीज को 10 प्रतिशत अतिरिक्त एंटरटेनमेंट टैक्स लगाने की परमिशन दी है.


No comments:
Post a Comment