प्रधानमंत्री मोदी आज जाएंगे सूरत और डांडी, युवाओं के साथ करेंगे बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार 30 जनवरी को गुजरात के सूरत और डांडी का दौरा करेंगे जहां वे सूरत हवाईअड्डे पर टर्मिनल भवन के विस्तार परियोजना की आधारशिला रखेंगे साथ ही एक अस्पताल की आधाशिला रखेंगे एवं न्यू इंडिया यूथ कॉन्क्लेव में युवाओं के साथ बातचीत करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री सूरत हवाईअड्डे पर टर्मिनल भवन के विस्तार की आधारशिला रखेंगे। यहां 25,500 वर्ग मीटर से भी बड़े क्षेत्र में 354 करोड़ रुपये की लागत से टर्मिनल भवन का निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री सूरत में न्यू इंडिया यूथ कॉन्क्लेव में युवाओं के साथ बातचीत करेंगे। साथ ही वे श्रीमती रसीलाबेन सेवंतीलाल शाह वीनस अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे और वहां की सुविधाओं को भी देखेंगे।
प्रधानमंत्री का अगला गंतव्य गुजरात के नवसारी जिले में डांडी होगा। मोदी यहां बापू की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय नमक सत्याग्रह स्मारक राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस स्मारक में महात्मा गांधी और ऐतिहासिक डांडी नमक यात्रा के दौरान उनके साथ शामिल 80 सत्याग्रहियों की मूर्तियां हैं।


ليست هناك تعليقات:
إرسال تعليق