• Breaking News

    30 January, 2019

    जल्‍दबाजी ने ली जान! बाइक से बेटी को स्‍कूल पहुंचाने जा रहा था पिता, मिनीबस से कुचलकर मासूम की मौत

    जल्‍दबाजी ने ली जान! बाइक से बेटी को स्‍कूल पहुंचाने जा रहा था पिता, मिनीबस से कुचलकर मासूम की मौत



    बच्‍चों को स्‍कूल पहुंचाने के लिए माता-पिता भी सुबह-सुबह बड़ी जद्दोजहद करते हैं, लेकिन कई बार जल्‍दबाजी या किसी तरह की हड़बड़ाहट हादसों को आमंत्रण दे सकती है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्‍नई में ऐसा ही हुआ, जब इसी तरह की जल्‍दबाजी में एक पिता के सामने ही उनकी बेटी की मिनीबस से कुचलकर मौत हो गई। वह बेटी को स्‍कूल पहुंचाने की जल्‍दबाजी में थे, जब यह दुर्घटना हुई।

    घटना चेन्‍नई के पम्‍माल इलाके की बताई जा रही है, जहां सोमवार को अहमद (49) अपनी बेटी आलिया त‍सील (13) को स्‍कूल बस के पिक-अप प्‍वाइंट तक पहुंचाने जा रहे थे। अनकपुथुर के गुरुसामी नगर में रहने वाले अहमद एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि उनकी बेटी चेन्‍नई के तेय्नाम्पेट स्थित एक निजी स्‍कूल में पढ़ाई करती थी। वह बस से स्‍कूल जाती थी और अहमद रोजाना सुबह करीब 7.30 बजे उसे जवाहरलाल नेहरू रोड पर पम्‍माल में स्‍कूल बस पिक-अप प्‍वाइंट तक छोड़ते थे।

    अहमद रोजाना की तरह सोमवार को भी बेटी को वहां छोड़ने जा रहे थे। लेकिन उन्‍हें थोड़ी देर हो गई थी, जिसके कारण बस वहां से निकल गई थी। ऐसे में उन्‍होंने बेटी को पल्‍लावरम बस डिपो तक छोड़ने का फैसला किया, ताकि वह वहां से बस ले सके। बताया जाता है कि देर हो जाने के कारण वह काफी तेजी से वाहन चला रहे थे। इसी बीच उन्‍होंने तमिलनाडु राज्‍य परिवहन निगम की एक मिनिबस को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन वह अपना संतुलन खो बैठे और बस के नीचे गिर पड़े।

    इस घटना में अहमद घायल हो गए, लेकिन मिनीबस उनकी बेटी आलिया को कुचलकर आगे न‍िकल गई, जिससे घटनास्‍थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना ने आसपास के राहगीरों को भी हैरान कर दिया, जबकि मिनीबस का ड्राइवर वाहन वहीं छोड़ घटनास्‍थल से फरार हो गया। पुलिस ने बाद में ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। यह भी सामने आया है कि अहमद और आलिया हेलमेट के बगैर ही बाइक से जा रहे थे।


    No comments:

    Post a Comment

    Fashion

    Beauty

    Culture