• Breaking News

    25 January, 2019

    बिहार के मंत्री ने की प्रियंका के बारे में विवादित टिप्पणी, कहा- वह बेहद खूबसूरत हैं, लेकिन...

    बिहार के मंत्री ने की प्रियंका के बारे में विवादित टिप्पणी, कहा- वह बेहद खूबसूरत हैं, लेकिन...


    भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के मंत्री विनोद नारायण झा ने शुक्रवार को एक विवादित बयान देते हुए कहा कि 'कांग्रेस की नवनियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा "बेहद खूबसूरत" हैं और इसके अलावा उनमें कोई और गुण नहीं है। उनकी पार्टी को यह याद रखना चाहिए कि सुंदरता से वोट नहीं मिलते।

    जन स्वास्थ्य और अभियंत्रिकी मंत्री झा के इस बयान को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जद (यू) ने खारिज कर दिया है। साथ ही विपक्षी कांग्रेस-राजद ने संयुक्त रूप से उन पर महिलाओं के प्रति ‘विकृत’ रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्तगी की मांग की है।

    प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में झा ने यहां कहा, ‘सुंदर होने के अलावा, मुझे प्रियंका गांधी में कोई गुण नहीं दिखता। प्रकृति ने उन्हें सुदंर बनाया है। लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि सुंदरता से वोट नहीं मिलते। वह एक नौसिखिया भी हैं और उनके पति पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं।

    विनोद नारायण झा के इस बयान पर बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रया देते हुए ट्वीट किया, 'Nitish Institute of Abuse, Misuse & Excuse से प्रशिक्षित प्रवक्तागणों द्वारा सम्माननीय प्रियंका गांधी जी के बारे में की गयी अमर्यादित, अशोभनीय और असंसदीय टिप्पणी की पुरज़ोर निंदा करता हूँ। नीतीश कुमार जी को अपने सहयोगियों से ये सब नहीं बुलवाना चाहिए। सीएम ऐसे मंत्री से माफ़ी मँगवाए।

    प्रियंका गांधी को इस सप्ताह की शुरूआत में पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी महासचिव बनाया गया है। जद (यू) के विधान पार्षद अशोक चौधरी ने कहा, ‘निश्चित रूप से हम ऐसी टिप्पणी की अनुमति नहीं देते। प्रियंका गांधी वाड्रा का करिश्मा और आकर्षण चुनाव में वांछित परिणाम ला सकता है या नहीं भी ला सकता। लेकिन जिस तरह से बयान दिया गया है वह ठीक नहीं है।’ कांग्रेस के विधान पार्षद प्रेम चंद मिश्रा ने झा के बयान की निंदा की है और नीतीश कुमार से उन्हें तत्काल हटाने की मांग की है।


    No comments:

    Post a Comment

    Fashion

    Beauty

    Culture