ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्र सरकार को घेरा, बोले किसी को मिर्ची लगी हो तो माफी
देश की सियासत में वैसे तो मुद्दों की कमी नहीं है। लेकिन अंतरिम बजट पेश किए जाने से पहले बेरोजगारी के आंकड़ों पर बहस जारी है। जॉब्स के मुद्दे पर एक आंकड़ा पेश किया गया है जिसे कांग्रेस मुद्दा बना रही है। लेकिन नीति आयोग ने साफ किया है कि ये डेटा अंतिम नहीं है। इन सबके बीच बेरोजगारी के मुद्दे को उठाते हुए कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तंज कसा है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ट्वीट कर समोसा तलने का वीडियो जारी किया। जाहिर है कि वो सिर्फ एक वीडियो नहीं था। बल्कि उसमें एक संदेश था, तंज था। वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन इशारा किस तरफ था आप आसानी से समझ सकते हैं। अब ये जानना जरूरी है कि उन्होंने क्या कुछ लिखा। वो लिखते हैं कि जिनको पकोड़े नहीं पसंद, उनके लिए आज समोसे तैयार किए। आशा करता हूं आप सबको मेरे हाथ के बने समोसे अच्छे लगे होंगे। वैसे तो समोसे तीखे ही अच्छे लगते हैं, फिर भी किसी को मिर्ची लगी तो उसके लिए माफी।
नेशनल सैंपल सर्वे ऑफिस के कथित आंकड़ों पर आधारित मीडिया रिपोर्ट के सामने आने के बाद कांग्रेस और बीजेपी में सियासी घमासान मच गया है। दरअसल, एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2017-18 में बेरोजगारी की दर 6.1 फीसदी रही, जो पिछले 45 वर्षों में सबसे ज्यादा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसी रिपोर्ट को साझा किया और पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोला।

No comments:
Post a Comment