विस्फोटक राफेल रहस्य' से मोदी पर नियंत्रण रखते हैं सीएम मनोहर पर्रिकरः राहुल गांधी
राफेल मामले में आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मामले को लेकर लगातार मोदी सरकार पर हमलावर हैं। गांधी ने अपने ताजा ट्वीट में एक बार फिर से राफेल को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर पर आरोप लगाते हुए कहा है कि राफेल के 'विस्फोटक' रहस्य उनके पास हैं जिससे वह पीएम मोदी पर नियंत्रण रखते हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने सिलसिलेवार ट्वीट में राफेल मसले पर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राफेल मामले में ऑडियो टेप जारी हुए 30 दिन बीत चुके हैं लेकिन किसी भी तरह के प्राथमिक जांच के आदेश नहीं दिए गए। उन्होंने आगे कहा कि गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। राहुल ने लिखा कि यह तो स्पष्ट है कि टेप प्रमाणिक हैं और गोवा के मुख्यमंत्री के पास 'विस्फोटक राफेल रहस्य' हैं। यह उन्हें प्रधानमंत्री पर नियंत्रण की शक्ति प्रदान करते हैं।
बता दें कि राणे और एक स्थानीय पत्रकार के बीच बातचीत के ऑडियो टेप को लेकर इस महीने की शुरुआत में संसद में काफी हंगामा हुआ था। टेप में दावा किया गया था कि पर्रिकर ने दिसंबर 2018 में एक कैबिनेट बैठक में स्वीकार किया था कि उनके पास राफेल सौदे से संबंधित फाइलें हैं। राणे ने बाद में कहा था कि टेप से छेड़छाड़ की गई है। इससे पहले कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने भी पर्रिकर पर आरोप लगाते हुए कहा था कि पर्रिकर बताएं कि राफेल मामले की फाइल क्या है और इसमें रहस्य क्या है?


No comments:
Post a Comment