कश्मीर के मसले पर पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने की हुर्रियत नेता से बात, भारत ने जताया कड़ा ऐतराज
पाकिस्तान कश्मीर में हस्तक्षेप की कोशिशों से बाज नहीं आ रहा। उसने एक बार फिर ऐसी ही कोशिश की, जिस पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने हुर्रियत नेता मीरवाइज उमर फारूक को फोन कर 'कश्मीर मुद्दे' पर उनसे संपर्क किया, जिसके बाद भारत ने कड़ा प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक बार फिर पाकिस्तानी नेतृत्व के दोहरे रवैये को दर्शाता है।
पाकिस्तान के विदेश विभाग की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया कि कुरैशी ने मीरवाइज को फोन कर 'कश्मीर मुद्दे को उठाने में पाकिस्तान सरकार के प्रयासों' के बारे में उन्हें बताया। बाद में मीरवाइज ने कहा कि कुरैशी ने उनसे बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई वाली भारत सरकार द्वारा पाकिस्तान की ओर से बातचीत के प्रयासों पर 'ठंडी प्रतिक्रिया' देने पर निराशा जताई।
भारत ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और साफ कर दिया कि कश्मीर उसका आंतरिक मसला है और इसमें किसी भी अन्य पक्ष के हस्तक्षेप के लिए कोई स्थान नहीं है। भारतीय विदेश मंत्रालय के उच्च पदस्थ सूत्रों ने कहा कि कश्मीर में सांप्रदायिक द्वेष और आतंक फैलाने के पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने पाकिस्तान के विदेश मंत्री के इस कदम को द्विपक्षीय संबंधों को और पीछे ले जाने वाला बताया।


No comments:
Post a Comment