मोदी सरकार से राफेल डील विवाद के बीच गोवा के सीएम पर्रिकर से मिले राहुल गांधी
राफेल डील पर बीजेपी और नरेंद्र मोदी सरकार से साथ रस्साकशी के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर से विधानसभा परिसर में मुलाकात की और उनकी तबीयत के बारे में पूछा। 63 वर्षीय पर्रिकर अग्न्याशय संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब एक दिन पहले ही राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस द्वारा राफेल मुद्दे पर केंद्र सरकार पर हमला करने लिए उद्धरित ''गोवा ऑडियो टेप'' प्रामाणिक हैं और गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के पास इस मुद्दे से जुड़े ''धमाका करने वाले राज" हैं।
गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा के संबोधन के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित होते ही राहुल गांधी दोपहर के करीब विधानसभा परिसर पहुंचे। कांग्रेस के विधायकों ने राज्यपाल के अभिभाषण का बहिष्कार किया। वहां पहुंचने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री के चैम्बर में उनसे मुलाकात की।इसके बाद वह कांग्रेस विधायकों से 10 मिनट मुलाकात करने के बाद वहां से चले गए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्रकारों से बात करने से इनकार कर दिया और कहा कि उन्हें देरी हो रही है। राहुल गांधी के साथ पर्रिकर से मिलने पहुंचे गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता चंद्रकांत कावलेकर ने कहा, 'यह पर्रिकर की तबीयत जानने के लिए हुई शिष्टाचार मुलाकात थी। उनका हाल-चाल जानने के अलावा कोई और बातचीत नहीं हुई।' राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ गोवा के निजी दौरे पर हैं।


ليست هناك تعليقات:
إرسال تعليق