जम्मू-कश्मीर में पाक की नापाक हरकत जारी, सुबह से अब तक चार की मौत
जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान सीजफायर के उल्लंघन से बाज नहीं आ रहा। आरएसपुरा सेक्टर में आज सुबह पाकिस्तानी रेंजर्स द्वारा की गई गोलाबारी में अब तक 4 नागरिकों की मौत हो गई है। सुबह कठुआ जिले से हीरानगर में सीमा पार से फायरिंग की गई। इस दौरान यहां के लोंदी इलाके में राम पॉल नाम के एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई।
पाकिस्तान ने बीएसएफ की करीब 40 पोस्टों को निशाना बनाया है। बीती रात लगातार सीमा पार से गोले दागे गए। इस फायरिंग में 4 नागरिक घायल हुए हैं। इनमें तीन हीरानगर सेक्टर के लोंदी गांव के हैं, जबकि एक व्यक्ति अरनिया सेक्टर में घायल हुआ है। पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से रातभर हीरानगर, सांबा, रामगढ़, अरनिया और आरएसपुरा सेक्टर में गोलीबारी की गई।
अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के पांच किलोमीटर के आसपास सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद किया गया है। लगातार फायरिंग को देखते हुए आरएसपुरा, अरनिया और सांबा सेक्टर में और अधिक बुलेटप्रूफ वाहनों को भेजा गया है। पाकिस्तान 82 एमएम के मोर्टार दाग रहा है।
इससे पहले मंगलवार को भी पाकिस्तान ने सीमा पार से मोर्टार दागे और एलओसी से सटे अरनिया व आरएस पुरा सेक्टर के रिहाइशों इलाकों को निशाना बनाया गया। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि अखनूर के सेरी पल्ली गांव में एक मासूम की भी गोली लगने से मौत हुई है।


No comments:
Post a Comment