• Breaking News

    22 May, 2018

    तूतीकोरिन हिंसा में 11 पहुंची मृतकों की संख्या


    तमिलनाडु के तूतीकोरिन में पिछले एक महीने से वेदांता की स्टरलाइट कॉपर यूनिट को बंद करने की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन में मंगलवार को भड़की हिंसा में मृतको की संख्या 11 पहुंच गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि करीब पांच हजार प्रदर्शनकारी स्टरलाइट कॉपर यूनिट की तरफ बढ़ने लगे, लेकिन पुलिस द्वारा रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया और पुलिस के वाहनों को पलट दिया।

    प्रदर्शनकारियों ने सरकारी वाहनों को आग के हवाले भी कर दिया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के। पलानीस्वामी ने हिंसा में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को तीन-तीन लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। साथ ही पुलिस कार्रवाई में मारे गए लोगों के परिवार के एक-एक सदस्य को योग्यता के अनुसार नौकरी देने का भी आश्वासन दिया है।
    मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करते हुए कहा कि मामले की जांच के लिए एक सदस्यीय आयोग गठित किया जाएगा। हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति मामले की जांच करेंगे।

    मुख्यमंत्री ने कहा , 'पुलिस को लोगों के जान-माल की रक्षा के लिए अपरिहार्य परिस्थितियों में कार्रवाई करनी पड़ी, क्योंकि प्रदर्शनकारी बार-बार हिंसा कर रहे थे। पुलिस को हिंसा रोकनी थी।' उन्होंने कहा, 'मुझे यह जानकार दुख हुआ कि इस घटना में दुर्भाग्यवश कई लोग मारे गए।' वहीं, पुलिस का कहना है कि मद्रास हाईकोर्ट के आदेश पर स्टरलाइट कॉपर यूनिट को सुरक्षा प्रदान करने के लिए क्षेत्र में धारा 144 लागू की गई थी।



    No comments:

    Post a Comment

    Fashion

    Beauty

    Culture