थरूर के बयान पर स्मृति का पलटवार-'चुनाव के समय जनेऊ पहनने वाले दें इसका जबाब'
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी कैबिनेट के सहयोगियों ने प्रयागराज कुंभ के दौरान संगम में पवित्र डुबकी लगाई थी। योगी सरकार के इस कदम को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक भद्दी टिप्पणी की है। इसको लेकर शशि थरूर पर बीजेपी हमलावर है और सोशल मीडिया में इसको लेकर उनकी जमकर खिंचाई की जा रही है। केंर्दीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी थरूर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
स्मृति ईरानी ने शशि की इस टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय जनेऊ पहनने वालों को इसका जवाब देना चाहिए साथ ही उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब थरूर का ऐसा बयान आया है बल्कि वह बार-बार हिंदू विरोधी बातें करते रहे हैं। स्मृति ईरानी के अलावा बीजेपी प्रवक्ता नलिन कोहली ने भी कहा कि थरूर एक पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं और उनका यह बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। नलिन कोहली ने कहा, 'यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि थरूर जैसा पढ़ा-लिखा और सम्मानित व्यक्ति इस तरह का बयान दे रहा है।
गौरतलब है कि शशि थरूर ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि 'गंगा भी स्वच्छ रखनी है और पाप भी यहीं धोने हैं, इस संगम में सब नंगे हैं, जय गंगा मैया की' इस टिप्पणी को लेकर थरूर पर बीजेपी ने हमला किया है, स्मृति ईरानी ने इस मामले पर थरूर पर पलटवार करते हुए कहा है कि थरूर अपने पार्टी मुखिया यानि राहुल गांधी के इशारे पर इस तरह के बयान दे रहे हैं।


No comments:
Post a Comment